तेहरान: ईरान ने इजरायल के साथ सैन्य संघर्ष के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की धमकी दी है। ईरानी संसद के सुरक्षा आयोग के सदस्य इस्माइल कोसरी ने स्थानीय मीडिया को बताया कि तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की गंभीरता से समीक्षा कर रहा है। यह पहली बार नहीं है जब ईरान ने जवाबी कार्रवाई में होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की धमकी दी है। अगर ईरान ऐसा करता है तो अंतरराष्ट्रीय व्यापार को तगड़ा झटका लगेगा और वैश्विक तेल की कीमतों पर असर पड़ सकता है। ऐसे में जाने कि होर्मुज जलडमरूमध्य क्या है और क्या ईरान एकतरफा तरीके से इसे बंद कर सकता है।
क्या है स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज?
होर्मुज फारस की खाड़ी (Persian Gulf) में प्रवेश करने का इकलौता समुद्री मार्ग है. यह एक तरफ ईरान को और दूसरी तरफ ओमान और संयुक्त अरब अमीरात को बांटता है, इसके अलावा यह फारस की खाड़ी को, ओमान की खाड़ी और हिंद महासागर में अरब सागर से जोड़ता है. इसकी कुल चौड़ाई 33 किलोमीटर है और दुनिया का 20 फीसदी तेल और गैस इसी रास्ते से जाता है. ईरान पहले भी कई बार इस जलमार्ग को बंद करने की धमकी देता रहा है….
क्यों महत्वपूर्ण है यह जलमार्ग ?
स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज को दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण ‘तेल चौकी’ भी कहा जाता है. UAE, सऊदी अरब, ओमान और क़तर के ज़्यादतार मालवाहक जहाज़ इसी रास्ते से दुनिया में पहुंचते हैं. इसके बंद होने के डर से ही कई मध्य-पूर्व के कई देश तेल की सप्लाई के लिए ज्यादा से ज्यादा पाइपलाइन बिछाने पर जोर दे रहे हैं.