शेयर मार्केट अपडेट/इक्विटी इंडेक्स में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में तेज गिरावट दिखी। इस दौरान सेंसेक्स 1,250 अंक से अधिक गिर गया और निफ्टी 50 25,500 अंक से नीचे चला गया। बाजार में यह गिरावट पश्चिम एशिया में तनाव के बाद निवेशकों की ओर से सर्तकता बरतने के कारण आया। सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 1,264 अंक या 1.5% गिरकर 83,002 पर कारोबार करता दिखा। निफ्टी 50 344 अंक या 1.33% गिरकर 25,452 पर पहुंच गया।

बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 5.63 लाख करोड़ रुपये घटकर 469.23 लाख करोड़ रुपये रह गया। इस सप्ताह की शुरुआत में ईरान की ओर से इस्राइल पर बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। अगर यह संघर्ष तेज हुआ तो इस क्षेत्र से तेल की आपूर्ति बाधित हो सकती है।
