वाराणसी: बनारस के कैंट स्टेशन पर पश्चिम बंगाल के हावड़ा जा रहे एक व्यक्ति के पास से जीआरपी ने चेकिंग के दौरान 42 लाख रुपये कैश बरामद किए हैं. कैंट जीआरपी महाकुंभ और 26 जनवरी के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान भारी मात्रा में कैश के साथ एक युवक पकड़ा गया. रकम की बाबत उसके पास कोई जानकारी नहीं थी. न ही वह कोई कागजात दिखा सका. जीआरपी अफसरों का मानना है कि यह हवाला का पैसा है…
![]()
बरामद हुआ कैश सहित आरोपी
इस संबंध में जीआरपी सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि महाकुम्भ और 26 जनवरी के मद्देनजर रेलवे स्टेशन कैंट पर प्रभारी निरीक्षक हेमंत सिंह व उनकी टीम द्वारा सघन चेकिंग की जा रही थी. चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नम्बर 9 पर फुटओवर ब्रीज के नीचे सीढ़ियों के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई पड़ा. जिसको रोककर उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम रितेश सेठ बताया. उसके बैग को जब चेक किया गया तो उसमें 500-500 की गड्डियों के रूप में कुल 42 लाख रुपये थे. इतनी बड़ी रकम रखने और ले जाने के सम्बंध में जब कागजात मांगे तो वह कोई कागज़ात नहीं दिखा सका. इस संबंध में इनकम टैक्स की टीम को सूचना दे दी गई है. आगे की आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.
