अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में इस बार रामनवमी का पर्व ऐतिहासिक और भव्य तरीके से मनाया जाएगा। रामनवमी के अवसर पर पहली बार दीपोत्सव का आयोजन होने जा रहा है, जो इस पर्व को और भी खास बना देगा। इसके साथ ही अष्टमी और नवमी के दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। राम कथा पार्क के बगल पक्की पार्किंग में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में देश के नामचीन कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का मन मोह लेंगे। इस महा उत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, और प्रशासन ने इसे यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है।
दीपोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा अनूठा संगम
दीपोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनूठा संगम इस बार रामनवमी पर अयोध्या में 2 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे, जो राम कथा पार्क के सामने पक्का घाट व राम की पैड़ी पर प्रकाशमान होंगे। यह दीपोत्सव न केवल आध्यात्मिकता का प्रतीक होगा, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक अनुपम दृश्य प्रस्तुत करेगा। इसके अलावा अष्टमी के दिन कनक भवन से एक हेरिटेज वॉक निकाली जाएगी, जो राम कथा पार्क में समाप्त होगी। इस वॉक के जरिए श्रद्धालु और पर्यटक अयोध्या की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से देख सकेंगे। राम कथा पार्क में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें नृत्य, संगीत और नाटक जैसी प्रस्तुतियां शामिल होंगी।