गुजरात भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे जगदीश विश्वकर्मा, शनिवार को होगी घोषणा एवं पदभार..

खबरें आज की गुजरात

अहमदाबाद: गुजरात भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष होंगे जगदीश विश्वकर्मा, शुक्रवार को जगदीश विश्वकर्मा (पांचाल) का गुजरात भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना सुनिश्चित हो गया। विश्वकर्मा अहमदाबाद के निकोल विधान सभा से विधायक हैं।

 

Google image : jagdish vishwakarma

 

गुजरात भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पर्चा भरने की मियाद खत्म होने तक केवल विश्वकर्मा का पर्चा दाखिल हुआ। इस तरह उनका निर्विरोध चुनाव सुनिश्चित हो गया। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष पद के पर्यवेक्षक केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव हैं। गुजरात भाजपा इकाई में कुल 292 सदस्य हैं। ये सदस्य ही राज्य इकाई के अध्यक्ष का चुनाव करते हैं।

 

 

 जातीय समीकरण साधने की कोशिश

विश्वकर्मा की नियुक्ति को आगामी निकाय चुनावों के मद्देनजर जातीय समीकरण साधने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। विश्वकर्मा ओबीसी वर्ग से आते हैं। उनके निर्वाचन को ओबीसी एवं पाटीदार वोटों के एकीकरण के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। राज्य में अगले साल निकाय और पंचायत चुनाव होने वाले हैं।

 

 

जगदीश विश्वकर्मा का जन्म 12 अगस्त 1973 अहमदाबाद में हुआ था। उन्होंने बिजनेस मार्केटिंग में स्नातक और एमबीए किया है। विश्वकर्मा ने 1998 में भाजपा के बूथ कार्यकर्ता के तौर पर राजनीतिक यात्रा प्रारम्भ की। वह निकोल विधान सभा से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं। वह अहमदाबाद नगर अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने अहमदाबाद नगर पालिका के चुनाव में जबरदस्त जीत हासिल की थी।

 

शनिवार को की जाएगी घोषणा

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में उनके निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा शनिवार को की जाएगी। इसके साथ ही वह पदभार भी ग्रहण करेंगे। विश्वकर्मा उत्तर गुजरात के बनासकांठा जिले की वडगाम तहसील के वरणावाडा गांव के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *