हरियाणा रोहतक। राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में हरियाणवी पोशाक में जाकर चर्चा में आई महिला कांग्रेस की 30वर्षीय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या कर दी गई है। यह रोहतक शहर के विजय नगर की रहने वाली थी और वैश्य कॉलेज से एमबीए व लॉ की पढ़ाई कर चुकी थी।
शनिवार को सुबह करीब 11 बजे सांपला बस अड्डे के पास सड़क किनारे एक नीले रंग के सूटकेस में हिमानी का शव बरामद किया गया है। उसका चेहरा नीला पड़ा हुआ था और होंठों पर भी खून लगा मिला है।इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि काफी क्रूरता से हिमानी को पहले पीटा गया और इसके बाद उसका गला चुन्री से घोंटकर मार दिया गया। रात के अंधेरे में ही सूटकेस को सुनसान एरिया में डाला गया है।
सुबह सूटकेस में लाश मिलने की सूचनाभर से ही आसपास क्षेत्र में हड़कंप मंच गया। पुलिस ने शव की शिनाख्त शुरू की तो इसका खुलासा हुआ। पुलिस तुरंत रोहतक में विजय नगर स्थित उनके आवास पर पहुंची, लेकिन घर पर ताला लटका मिला। इसके बाद आसपास लोगों से भी इसकी पुष्टि की गई।
देर शाम मृतक के स्वजनों ने शव को देखकर इसकी पुष्टि की। इंटरनेट मीडिया पर हिमानी काफी सक्रिय रहती थी और डिजिटल क्रिएटर के तौर पर काम करती थी।