
मुंबई।सत्य का सामना/ पुणे के डॉक्टर गणेश रख अपने अस्पताल में बेटियों के जन्म लेने पर उनके परिवार से कोई फीस नहीं लेते। समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक संदेश देने के लिए वह यह काम पिछले 14 वर्षों से करते आ रहे हैं। उनकी इस सेवा की तारीफ उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी कर चुके हैं।

पिछले दिनों एक गरीब मजदूर ने अपनी पत्नी को प्रसव के लिए डॉ. गणेश की क्लीनिक में भर्ती कराया। प्रसव होने के बाद डॉ. गणेश ने बाहर आकर उसे बधाई देते हुए कहा कि आपके घर में एक परी आई है।
गरीब मजदूर ने पत्नी को अस्पताल से छुट्टी मिलते समय डॉक्टर से पूछा कि अस्पताल की कितनी फीस हुई है। उसे जवाब मिला कि हम बेटियों के जन्म लेने पर फीस नहीं लेते। वह गरीब मजदूर ऐसा अकेला खुशनसीब नहीं है, जिससे डॉ. रख ने फीस नहीं ली।वह पिछले 14 वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं। अपने 16 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में अब तक जन्म लेने वाली करीब 2500 बेटियों के स्वजन से उन्होंने कोई फीस नहीं ली है।
