रायपुर। ईडी और केंद्र सरकार के खिलाफ 22 जुलाई को छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेशभर में चक्काजाम करेगी। कांग्रेस ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। इससे पहले कांग्रेस विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के बीच बैठक हुई।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र के खिलाफ की गई ईडी की कार्यवाही के विरोध में कांग्रेस पूरे प्रदेश में आर्थिक नाकेबंदी करेगी। कांग्रेस की राजनैतिक मामलों की समिति (पी.ए.सी.) तथा विधायकों की बैठक में ईडी की कार्यवाही पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी ने एक स्वर में ईडी कार्यवाही को राजनीति से प्रेरित तथा बदले की कार्यवाही बताया। प्रदेश की भाजपा सरकार अडानी के जल, जंगल, जमीन की लूट की सहभागी बनी हुई सरकार के संरक्षण में अडानी प्रदेश के जंगलों को कटवा रहा है, उसका विरोध करने पर केंद्र सरकार ईडी की कार्यवाही करवाती है। कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता से इस कार्यवाही का विरोध करेगी।