बिहार। नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। एसटीएफ ने संजीव मुखिया को बिहार के पटना से गिरफ्तार किया है। उस पर तीन लाख रुपए का इनाम घोषित था। पिछले साल मई 2024 में हुए नीट पेपर लीक के बाद से ही संजीव मुखिया फरार चल रहा था। पुलिस तब से लगातार उसे पकड़ने के लिए प्रयासरत थी। अब पेपर लीक के 11 महीने बाद एसटीएफ को उसे पकड़ने में सफलता हाथ लगी है। ऐसा माना जा रहा है कि संजीव मुखिया से पूछताछ के बाद इस कांड से जुड़े कुछ और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
पटना सिविल कोर्ट ने संजीव मुखिया के खिलाफ गैर गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। कोर्ट ने आदेश दिया था कि अगर उसकी गिरफ्तारी नहीं होती है या उसने सरेंडर नहीं किया तो उसके घर की कुर्की की जाएगी। संजीव मुखिया मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के नगरनौसा गांव का रहने वाला है। गांव में उसे लोग लूटन के नाम से जानते हैं। संजीव का बेटा शिवकुमार बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में पहले ही जेल में बंद है। संजीव मुखिया के तार पेपर लीक गिरोह में बहुत अंदर तक फैले हुए हैं। उसका नेटवर्क बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, ओडिशा तक फैला हुआ है।
यह भी पढ़ें