मुंबई/ हिस्टोरिकल पीरियड ड्रामा छावा (Chhaava) साल 2025 की एंटीसिपेटड फिल्मों में से एक है। विक्की कौशल स्टारर मूवी छत्रपति सम्भाजी महाराज पर आधारित है। फिल्म में रश्मिका मंदाना येसुबाई का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में, फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ है और तभी से इसको लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
दिनेश विजन निर्मित छावा को लेकर रिलीज से पहले ही बवाल शुरू हो गया है। अपकमिंग फिल्म के ट्रेलर में विक्की कौशल के सम्भाजी महाराज के अवतार में डांस करने पर लोग नाराज हैं। दरअसल, ट्रेलर में दिखाया गया है कि राज्याभिषेक के बाद संभाजी महाराज और रानी येसुबाई डांस कर रही हैं। इस सीन के चलते लोग फिल्म को रिलीज करने से पहले तथ्यों की जांच करने की सलाह दे रहे हैं।
छावा पर विवाद क्यों आइए जानें ?
हाल ही में, महाराष्ट्र के मराठी लैंग्वेज मिनिस्टर उदय समंत ने सोशल मीडिया पर छावा को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि संभाजी पर फिल्म बनाना गर्व की बात है, लेकिन इसे रिलीज करने से पहले एक्सपर्ट को दिखाना जरूरी है। पोस्ट में समंत ने कहा, “यह खुशी की बात है कि धर्म और स्वतंत्रता के रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित एक हिंदी फिल्म बनाई जा रही है। दुनिया को छत्रपति का इतिहास समझाने के लिए ऐसे प्रयास जरूरी हैं। हालांकि, कई लोगों ने अपनी राय व्यक्त की है कि इस फिल्म में कुछ आपत्तिजनक दृश्य हैं।”