भोपाल: राजधानी भोपाल में दो बदमाशों ने पेट्रोल छिड़ककर एक घर में आग लगा दी। घटना के इस समय घर में महिला उसका मासूम बच्चा सहित भाई और माता-पिता मौजूद थे। आग की चपेट में आने से घर का सामान और बाहर खड़े वाहन जल गए थे। घर के निवासी बाल-बाल बच गए। यह वारदात अशोका गार्डन थाना के हिनौतिया में स्थित घर में की गई। बदमाशों की यह गुंडागर्दी की पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि बदमाशों की पहचान रवि कुशवाह और फिरोज खान के रूप में हुई। शुक्रवार रात दोनों ने आकाश मालवीय के घर में आग लगाई थी। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें एक बदमाश घर के दरवाजे पर पेट्रोल डालता नजर आ रहा है। वहीं दूसरा आग लगाता है।
पुलिस के अनुसार 10 दिन पहले इलाके में दोनों बदमाशों का विवाद हो गया था। इंसानियत के नाते आकाश ने बीच-बचाव कराया। इस बीच आकाश ने एक बदमाश को चांटा मार दिया था। यहीं से बदमाशों ने रंजिश बांध ली थी।
शुक्रवार रात दोनों बदमाश आकाश का पीछा करते हुए उसका घर जलाने के इरादे से आए थे। उस समय घर में आकाश और उसकी बहन निकिता मालवीय सहित अन्य लोग थे।