चक्रवाती तूफान फिर से दस्तक देने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में 23 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान आने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान सागर के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के क्षेत्र के सोमवार तक कम दबाव वाले क्षेत्र में परिवर्तित होने की आशंका है। इस मौसम प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने और 22 अक्टूबर की सुबह तक अवदाब में तब्दील होने आशंका है। 23 अक्टूबर तक यह पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। बाद में इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 24 अक्टूबर की सुबह तक ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के पास बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में पहुंचने की प्रबल आशंका है।

आईएमडी के अनुसार, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में 23 से 25 अक्टूबर तक भारी वर्षा होने की आशंका है। मछुआरों को 21 अक्टूबर तक तट पर लौटने की सलाह दी गई है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि मौसम की यह प्रणाली गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है। 23 अक्टूबर से ओडिशा के कुछ हिस्सों में अत्यधिक बारिश होने की आशंका है। उन्होंने कहा, ‘तटीय क्षेत्र में कुछ स्थानों पर 24-25 अक्टूबर को 20 सेमी बारिश हो सकती है। बारिश की तीव्रता 20 से 30 सेमी तक और कुछ स्थानों पर 30 से अधिक भी हो सकती है।’ आईएमडी ने भूस्खलन के स्थान और तीव्रता के बारे में कोई पूर्वानुमान नहीं लगाया है। पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है।

