2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन का मुकाबला करने के लिए 26 विपक्षी दलों ने 18 जुलाई को I.N.D.I.A गठबंधन बनाया था. विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन की तीसरी बैठक 31 अगस्त और एक सितबंर को मुंबई में होनी है. इस बैठक में गठबंधन का संयोजक और सीटों के बंटवारे पर चर्चा होनी लेकिन इससे पहले ही महाराष्ट्र और दिल्ली में विपक्षी दलों में घमासान छिड़ गया है. गठबंधन बनने के करीब 1 महीने बाद ही इसमें खींचतान शुरू हो गई है. महाराष्ट्र में जहां अजित-शरद पवार की सीक्रेट मीटिंग और कथित ऑफर को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है. दोनों नेताओं के बीच लगातार हो रहीं मुलाकातों ने कांग्रेस और शिवसेना की टेंशन बढ़ा दी है. तो वहीं, दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में फूट पड़ती नजर आ रही है. दोनों पार्टी के नेताओं ने एक दूसरे के खिलाफ मोर्चा भी खोल दिया है. कांग्रेस-AAP के बीच जारी बयानबाजी को देखते हुए बीजेपी ने तो जल्द INDIA गठबंधन टूटने की भविष्यवाणी भी कर दी.
