जम्मू कश्मीर/ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को गोपनीय जानकारी मुहैया कराने के आरोप में पंजाब स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने सेना के एक जवान दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल ने दविंदर सिंह को जम्मू-कश्मीर के उड़ी जिले के बारामूला से गिरफ्तार किया है। वह मूल रूप से पंजाब के संगरूर जिले के निहालगढ़ शादीहरी गांव का रहनेवाला है।

गिरफ्तार जासूस की निशानदेही पर कार्रवाई
स्पेशल सेल के अनुसार, आरोपी दविंदर सिंह को पहले से ही गिरफ्तार किए पूर्व सैन्यकर्मी गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी की निशानदेही पर पकड़ा गया है। दोनों ही जासूसी गतिविधियों में शामिल थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दविंदर सिंह ने फिरोजपुर जेल में बंद रहने के दौरान गुरप्रीत सिंह की मदद की थी। आरोप है कि दविंदर ने भारतीय सेना के गोपनीय दस्तावेजों की खरीद में गुरप्रीत का साथ दिया था। इस मामले की आगे की जांच जारी है।
