सत्य का सामना/ मुंगेली। मुंगेली में आज आमसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज जब मैं महामाया की धरती पर आया हूं तो पूरे प्रदेश में कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति का जय घोष हो रहा है। मैं छत्तीसगढ़ के विकास की बात करता हूं तो कांग्रेस चिढ़ने लगती है। पहले चरण के मतदान में पस्त हो चुकी कांग्रेस का दूसरे चरण के मतदान में अस्त सुनिश्चित है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान से तय हो गया कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ से जा रही है। प्रथम चरण में भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में मतदान करने के लिए मैं छत्तीसगढ़ की जनता का धन्यवाद करना चाहता हूं। मैं छत्तीसगढ़ की महिलाओं और युवाओं को विशेष रूप से धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि बहुत लोग मंडप के बाहर हैं। कई लोग धूप में तप रहे हैं। हमारी व्यवस्था में कमी रह गई। इसके लिए मैं भाजपा कार्यकर्ता के रूप में माफी मांगता हूं। आपका तपना बेकार नहीं जाने दूंगा। विकास करके लौटाऊंगा। मोदी ने कहा कि हर तरफ एक ही गूंज है-भाजपा आवत है। भाजपा के आने का मतलब है छत्तीसगढ़ का तेज विकास। नौजवानों के सपने पूरे होंगे। भ्रष्टाचारियों पर लगाम लगेगी। भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। भाजपा ने छत्तीसगढ़ बनाया है, भाजपा ही संवारेगी। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार जाने का काउंटडाउन शुरू हो गया है। जिन्होंने आपको लूटा है, उनके जाने का समय आ गया है। मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाओं ने ठान लिया है कि उन्हें कांग्रेस एक पल के लिए भी नहीं चाहिए। कांग्रेस भी समझ गई है कि अब चला चली की बेला है। अब कांग्रेस सरकार का कुछ दिन का ही खेला है। इसीलिए वो आपको झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस के असत्य को हराना शुरू कर दिया है। आने वाली देव दीपावली छत्तीसगढ़ के लिए एक नई खुशहाली लेकर आएगी। देव दीपावली पर छत्तीसगढ़ को लूटने वाली कांग्रेस कहीं नजर नहीं आएगी।

मुख्यमंत्री खुद चुनाव हार रहे
मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री खुद चुनाव हार रहे हैं। कांग्रेस के अन्य नेता भी खफा हैं। उन्हें भी लगता है कि उनके साथ धोखा हुआ है। ढाई ढाई साल का एग्रीमेंट हुआ था लेकिन पहले ढाई साल में ही मुख्यमंत्री ने लूट लूट कर धन का अंबार जमा किया और दिल्ली के नेताओं को खरीद लिया। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि जब पार्टी के अंदर इतनी बड़ी वादाखिलाफी हो सकती है तो जनता के साथ वादाखिलाफी होगी ही।
508 करोड़ का गणित
मोदी ने कहा कि अधिकारियों ने इतना भ्रष्टाचार किया कि सीएम विधायक का चुनाव भी हार रहे हैं। कांग्रेस के लोग वो सवाल भी हल नहीं कर पाते जो छत्तीसगढ़ का 5 वीं का बच्चा भी कर सकता है। जिस कांग्रेस को गणित सिखाने का शौक है उस पर महादेव एप्प में 508 करोड़ रुपये से अधिक बंटने का आरोप हैं। जांच एजेंसियों के छापों में पैसे के ढेर पकड़े गए हैं। बताएं सीएम को कितना मिला और दिल्ली कितना गया। कांग्रेस के नेताओं ने टिकट बेचकर कितना कमाया, ये भी कांग्रेस के गणितज्ञ बताएं। पीएससी घोटाले को लेकर युवा भी सवाल कर रहा है कि कौन से गणित के फार्मूले के अंतर्गत नेताओं के, अधिकारियों के बच्चों को पास कर दिया गया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने शराबबंदी तो नहीं की, लेकिन सत्ता में आने के बाद शराब की होम डिलीवरी शुरू कर दी। शराब में 2 हजार करोड़ से अधिक का घोटाला हो गया।महिलाओं को धोखा दिया गया।झूठ क्यों बोला। छत्तीसगढ़ की माताएं बहनें कांग्रेस से पूछ रही हैं कि उनको धोखा क्यों दिया गया। कांग्रेस के पास इसका जवाब नहीं है।
