देहरादून: उत्तराखंड में मानसूनी बारिश कहर बनकर टूट रही है. पर्वतीय अंचलों में कई संपर्क मार्गों पर भूस्खलन की भयावह तस्वीरें सामने आने लगी हैं. साथ ही कई संपर्क मार्ग पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से लगातार बाधित हो रहे हैं. जबकि बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर बह रहे हैं. वहीं मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है. जिसके लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है…

देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के सभी जनपदों के अधिकांश स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. जबकि के बागेश्वर, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जनपदों में कहीं-कहीं भार बारिश होने की संभावना जताई गई है. जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.राज्य के देहरादून, टिहरी, चमोल, चंपावत और पिथौरागढ़ जनपद में कहीं-कहीं भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है. राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गरज और चमक के सात तीव्र बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है..

उत्तरकाशी में नाले का बढ़ा जलस्तर:मोरी मुख्य बाजार के बीच में बहने वाले गदेरे का अचानक जलस्तर बढ़ गया. बीते बुधवार को क्षेत्र में हुई बारिश के कारण नाला उफान पर आ गया, जिस कारण आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग घबरा गए. हालांकि बाद में बारिश कम होने से पानी का जलस्तर घटा, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली…..
